अंकिता भंडारी के माता-पिता को राजघाट से हटाया गया, धरने के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई

knews desk – उत्तराखंड के एक रिसॉर्ट में 2022 में अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में उसके माता-पिता को बुधवार को नई दिल्ली स्थित महात्मा गांधी के स्मारक राजघाट के मुख्य द्वार के पास से हटा दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, अंकिता के माता-पिता राजघाट पर प्रार्थना करने और मीडिया से बातचीत करने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मुख्य द्वार के पास धरना शुरू कर दिया।

पुलिस सूत्र के अनुसार, यह स्थान विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित नहीं है। पुलिस ने धरना दे रहे समूह से कई बार वहां से चले जाने का आग्रह किया, लेकिन जब वे वहां से नहीं हटे तो पुलिस ने उन्हें मौके से हटा दिया। हालांकि, उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया।

यह कार्रवाई उस घटना के करीब तीन सप्ताह बाद हुई है, जब अंकिता भंडारी के माता-पिता को 14 अक्टूबर को इंडिया गेट के पास प्रदर्शन करते समय पुलिस ने हिरासत में लिया था। वे दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।

धरने के दौरान अंकिता की मां सोनी देवी ने स्वास्थ्य संबंधी शिकायत की। इसके बाद उन्हें चिकित्सकीय-कानूनी जांच (एमएलसी) के लिए बुराड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, सूत्र के मुताबिक, सोनी देवी और उनके पति दोनों ने चिकित्सकीय जांच कराने से इनकार कर दिया।

इस बीच, बुराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अंकिता भंडारी के माता-पिता विधायक के साथ वहां से चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *