शरद पवार से पीएम मोदी की फोन पर बातचीत, बोले- अब आप आराम कीजिए… सुप्रिया सुले तैयार हैं

Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे के अस्पताल से डिस्चार्ज हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) प्रमुख शरद पवार को फोन कर उनका हालचाल पूछा। पीएम मोदी ने पवार से बातचीत के दौरान उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी। शरद पवार के करीबी और पारिवारिक मित्र विट्ठल मनियार ने इस बातचीत की जानकारी दी। उनके मुताबिक, पीएम मोदी ने पवार से कहा कि अब सुप्रिया सुले उनके साथ देश का काम संभालने के लिए तैयार हैं और उन्हें आराम करना चाहिए।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के नेता शरद पवार को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी और जरूरी जांच के बाद बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पवार मुंबई के लिए रवाना हो गए। उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार और समर्थकों की ओर से लगातार जानकारी दी जा रही है।

विट्ठल मनियार ने पुणे में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह शरद पवार को फोन किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बेहद स्नेह और सम्मान के साथ पवार से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मनियार के अनुसार, प्रधानमंत्री ने पवार से कहा, “साहब, कृपया पूरा आराम करें। सुप्रिया अब तैयार हैं। सुप्रिया और हम देश का ख्याल रखेंगे। आप आराम करें।”मनियार ने बताया कि शरद पवार ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जवाब दिया। उनके अनुसार, पवार ने कहा कि वह आराम कर रहे हैं और जब सभी लोग देश का काम संभाल रहे हैं तो उन्हें देश को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है। पवार ने पीएम मोदी का हालचाल पूछने और स्वास्थ्य की चिंता करने के लिए धन्यवाद भी दिया। हालांकि, इस फोन कॉल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या शरद पवार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य डॉक्टर डॉ. परवेज के. ग्रांट ने भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सामान्य जांच और निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, उन्हें जिस प्लूरिटिक पेन की शिकायत थी, उसमें सांस लेने या छींकने के दौरान सीने में दर्द बढ़ सकता है। पवार के सभी जरूरी टेस्ट किए गए और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की गई।विट्ठल मनियार ने यह भी बताया कि शरद पवार की हालत ठीक है और कोई गंभीर समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार को थोड़ी कमजोरी महसूस हो रही है, जो आराम और भोजन के बाद ठीक हो जाएगी। डॉक्टरों की सलाह और परिवार के आग्रह पर पवार ने अस्पताल में एक दिन अतिरिक्त आराम किया। इसके बाद उन्हें मुंबई जाने की अनुमति दी गई।

प्रधानमंत्री मोदी और शरद पवार के बीच हुई इस बातचीत को फिलहाल शिष्टाचार और स्वास्थ्य संबंधी बातचीत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, महाराष्ट्र की राजनीति में इस फोन कॉल के बाद नई अटकलें शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चा तेज है कि क्या राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट भविष्य में फिर करीब आ सकते हैं और क्या शरद पवार का गुट बीजेपी के साथ किसी तरह का राजनीतिक समीकरण बना सकता है।इसके साथ ही सुप्रिया सुले को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसी अटकलें पहले से लगाई जाती रही हैं कि सुप्रिया सुले भविष्य में केंद्र की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं और उनके मोदी कैबिनेट में शामिल होने की संभावना को लेकर भी चर्चा होती रही है। हालांकि, फिलहाल इन चर्चाओं की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की शरद पवार से हुई बातचीत के बाद इन राजनीतिक अटकलों को एक बार फिर हवा मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *