बिहार के किशनगंज जिले में घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गईं तीन बच्चियों की दर्दनाक हादसे में जान चली गई। दिघलबैंक पंचायत के सुल्तानगंज गांव में मिट्टी का बड़ा टीला अचानक भरभराकर बच्चियों के ऊपर गिर पड़ा। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
Knews Desk – यह घटना बुधवार को किशनगंज जिले की दिघलबैंक पंचायत के सुल्तानगंज गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गांव के पास गई थीं। वहां एक बड़े मिट्टी के टीले के निचले हिस्से से मिट्टी खोदते समय अचानक पूरा टीला उनके ऊपर गिर गया। भारी मात्रा में मिट्टी गिरने से तीनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं।
दो सगी बहनों समेत तीन बच्चियों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान नगमा प्रवीण (10), उसकी छोटी बहन निशा प्रवीण (9) और पड़ोस में रहने वाली रूबी खातून (8) के रूप में हुई है। रूबी के पिता का नाम फरियाद आलम बताया गया है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चियों को बचाने के लिए मिट्टी हटाने लगे। ग्रामीणों ने फावड़े और कुदाल की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को मिट्टी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवारों में पसरा मातम
दो सगी बहनों की एक साथ मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, रूबी खातून की मौत से उसके परिवार में भी मातम छा गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई।
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनिकेत कुमार के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा गया था। अधिकारी परिजनों से बातचीत कर रहे हैं। खबर के अनुसार, परिजनों ने बच्चियों का पोस्टमार्टम कराने और आगे की कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया।