पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने अपराध, नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर राज्य की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी मानसिकता पंजाब के हर कोने में फैल रही है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती भी दी।
Knews Desk– कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में आयोजित कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ के दौरान कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देने के साथ ही पंजाब में बढ़ते अपराध, नशे की समस्या और गैंगस्टरवाद को लेकर चिंता जताई। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य में ऐसी मानसिकता फैल रही है, जो प्रतिभाशाली लोगों को डराने और धमकाने का काम करती है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा, “कल मैंने नरेंद्र मोदी को सीधे चुनौती दी थी। वे कहीं भी आएं और मेरे साथ बहस करें। वे किसी को भी जज चुन सकते हैं, बहस कहीं भी हो सकती है। मैं गारंटी देता हूं कि नरेंद्र मोदी मेरे सामने बैठने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।पंजाब में अपराध की स्थिति पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, “वही मानसिकता, जिसने दिन-दहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या करने वालों का हौसला बढ़ाया था, अब पंजाब के हर कोने में फैल रही है। हर जगह अपराध का बोलबाला है।” उन्होंने आगे कहा कि जो लोग अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तथा पंजाब और देश के लिए कुछ करना चाहते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और डराया जाता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कई मामलों में ऐसे लोगों को सबके सामने गोली मार दी जाती है।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने पंजाब में नशे की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह कई साल पहले पंजाब आए थे और उस समय भी उन्होंने राज्य में नशे की समस्या फैलने को लेकर चेतावनी दी थी। उनके मुताबिक, उस समय विपक्ष ने उनकी बात को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि उन्हें पंजाब के बारे में जानकारी नहीं है और राज्य में ऐसी कोई समस्या नहीं है।राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब के लोगों को यह समझने की जरूरत है कि राज्य में उद्योग, कारखाने और खेती-बाड़ी को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के पर्याप्त अवसर नहीं होंगे, तो नशे की लत, गैंगस्टरों का प्रभाव और सड़कों पर गोलीबारी जैसी समस्याएं सामने आती रहेंगी।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित किया। उन्होंने पंजाब में कांग्रेस की जीत को राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, “अगर हम पंजाब जीतते हैं, तो हम पूरा भारत जीत लेंगे- यह मेरा दावा है।” खड़गे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील भी की।