पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए AAP की पहली लिस्ट जारी, 40 उम्मीदवारों को टिकट, धूरी से लड़ेंगे भगवंत मान

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

Knews Desk– आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए शनिवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में कुल 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें चार महिला उम्मीदवार भी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने यह सूची दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक के बाद जारी की।

37 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका

पार्टी की पहली सूची में 40 में से 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। बाकी तीन सीटें ऐसी हैं, जिन पर आम आदमी पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने इन सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सूची में लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा और फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय को टिकट दिया गया है।

मोगा विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। वह पेशे से डॉक्टर हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मालविका सूद को 20,915 वोटों के अंतर से हराया था।

धूरी से फिर चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। उस चुनाव में मान को कुल 82,592 वोट मिले थे। वह संगरूर लोकसभा सीट से दो बार सांसद भी रह चुके हैं। पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आगामी विधानसभा चुनाव भगवंत मान के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

मंत्रियों के नाम पहली सूची में नहीं

पहली सूची की एक खास बात यह है कि इसमें पंजाब कैबिनेट के किसी भी मंत्री का नाम शामिल नहीं है। उम्मीदवारों की घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में पत्रकार वार्ता के दौरान की। इससे पहले PAC की बैठक में नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।

विपक्ष को संदेश देने की रणनीति

आम आदमी पार्टी ने चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा और आचार संहिता लागू होने से पहले ही उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की रणनीति अपनाई है। पार्टी चाहती है कि उम्मीदवारों को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करने और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय मिले।

पार्टी ने लगातार दो बार चुनाव जीत चुके कई बड़े चेहरों को पहली सूची में दोबारा टिकट देकर अपनी चुनावी तैयारी का संदेश देने की कोशिश की है। पंजाब में विपक्ष की ओर से AAP की सत्ता में वापसी को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *