KNEWS DESK- दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही मिठाइयों की खरीदारी बढ़ने लगी है। घरों में मिठाइयां आएंगी और रिश्तेदारों व दोस्तों के यहां मिठाई के डिब्बे भी भेजे जाएंगे। लेकिन त्योहार की मिठास के बीच उत्तर प्रदेश से आई एक खबर लोगों को सतर्क करने वाली है। प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिठाई और नमकीन बनाने वाली दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कहीं मिठाइयों के ऊपर चूहे घूमते मिले, तो कहीं गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। एक जगह पनीर में स्टार्च मिलाने का मामला भी सामने आया। कई दुकानों पर मिठाइयां खुले में रखी मिलीं और सफाई के साथ-साथ कीड़े-मकोड़ों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं पाए गए।
दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेश के 38 जिलों में जांच अभियान चलाया। 17 मंडलों में की गई इस कार्रवाई के दौरान मिठाई की दुकानों सहित खाद्य कारोबार से जुड़े 260 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग की टीमों ने खाद्य पदार्थों के 303 सैंपल भी लिए। जांच के बाद नियमों और साफ-सफाई से जुड़ी कमियों को देखते हुए 229 प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। ऐसे में त्योहार के दौरान मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, साफ-सफाई और पैकेजिंग पर ध्यान देना जरूरी है।