उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलिकॉप्टर क्रैश, बद्रीनाथ से लौट रहे 6 लोगों की मौत

KNEWS DESK– उत्तराखंड के जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने से बड़ा हादसा हो गया। यह हेलिकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से दर्शन कराकर लौट रहा था। हादसे के समय हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। इस दुर्घटना में सभी छह लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत कंपनी का हेलिकॉप्टर, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-HCX बताया गया है, बद्रीनाथ धाम से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जोशीमठ के मारवाड़ी क्षेत्र के पास चाई गांव की पहाड़ी के नजदीक हेलिकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की जानकारी सामने आई।

हादसे में जान गंवाने वाले पांच यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एचएस नागाराजा के रूप में हुई है। वहीं, हेलिकॉप्टर के पायलट की पहचान हिमांशु के तौर पर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश के मुताबिक, घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *