ग्रेटर नोएडा की महागुन माइवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के फूल तोड़ते समय 11 वर्षीय बेटे का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता का संतुलन बिगड़ गया और दोनों की मौत हो गई।
Knews Desk– ग्रेटर नोएडा की महागुन माइवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। मृतकों की पहचान 11 वर्षीय आरव और उनके पिता रणदीप पात्रा के रूप में हुई है। रणदीप सचिवालय में कार्यरत थे। परिवार खाटू श्याम धाम के दर्शन के लिए जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन यात्रा से पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे परिवार खाटू श्याम जाने की तैयारी में जुटा था। पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़े जा रहे थे। इसी दौरान आरव का पैर फिसल गया और वह बालकनी की रेलिंग से नीचे की ओर लटक गया। बेटे को गिरने से बचाने के लिए पिता रणदीप पात्रा ने तुरंत उसे पकड़कर ऊपर खींचने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पिता-पुत्र की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है। जिस परिवार में खाटू श्याम के दर्शन की तैयारी चल रही थी, वहां कुछ ही पलों में मातम छा गया। इस घटना से महागुन माइवुड्स सोसाइटी में भी शोक की लहर है।