दिल्ली में दिनदहाड़े 2.30 करोड़ की डकैती, कैश से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

दीपावली से पहले पुरानी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में चार हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी के कार्यालय से 2.30 करोड़ रुपये लूट लिए। कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर नकदी बैग में भरी और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास खड़ी कार से फरार हो गए।

Knews Desk– देश की राजधानी दिल्ली में दीपावली से पहले लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे लाहौरी गेट थाना क्षेत्र में चर्च मिशन पुलिस चौकी के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में चार बदमाश घुस गए। यहां व्यापारी विष्णु कांति का कार्यालय है, जहां नकदी का लेन-देन होता है।

जानकारी के मुताबिक, बदमाश कार्यालय की तीसरी मंजिल पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद कार्यालय में रखे करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये बैग में भरकर फरार हो गए। वारदात के दौरान कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो बदमाशों के आने-जाने का रास्ता सामने आया। बताया जा रहा है कि आरोपी चांदनी चौक की गलियों से होते हुए पैदल पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां पहले से खड़ी एक कार में बैठकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे भी दिखाई देने की बात सामने आई है।

पुलिस और स्थानीय लोगों को आशंका है कि वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। बदमाशों को कार्यालय के पते, नकदी की मौजूदगी और कर्मचारियों की संख्या की जानकारी होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा गार्ड के मुताबिक, उसकी ड्यूटी सुबह 11 बजे शुरू होती है, जबकि वारदात करीब 10 बजे हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल, लूटी गई रकम की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *