बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना जारी है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। वोटों की गिनती के लिए पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार नीरज कुमार ने बढ़त बना ली है। वह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह से करीब 1,200 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, पटना के मतगणना केंद्र के बाहर दस्तावेजों से भरा बैग मिलने के बाद हंगामे की स्थिति भी देखने को मिली।
Knews Desk – पटना स्नातक सीट पर मुकाबला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने मोर्चा खोल दिया था। अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के समर्थन में हैं। इस घटनाक्रम के बाद JDU ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। दूसरी ओर, अनंत सिंह अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और उनके आवास पर मिठाइयां भी तैयार करवाई जा रही हैं।
पटना में बांकीपुर सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतगणना के दौरान केंद्र के बाहर हंगामा हुआ। आरोप लगाया गया कि मतगणना केंद्र से फाइलों के बंडल बाहर लाए गए हैं। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने फाइलें बाहर लाने वाले लोगों को रोक लिया। इस दौरान मतगणना केंद्र पर CCTV कैमरे नहीं होने के आरोप भी लगाए गए।
जन सुराज पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले पर विरोध जताया। बताया गया कि दो सरकारी कर्मचारियों के हाथों में कागजों से भरा एक बैग देखकर नेताओं ने उसमें रखे दस्तावेज दिखाने की मांग की। कर्मचारियों के कथित तौर पर बैग नहीं दिखाने से केंद्र के बाहर तनाव बढ़ गया। हालांकि, बाद में कर्मचारियों को बैग खोलकर दिखाना पड़ा।
बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर मतगणना हो रही है, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीटें शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटें पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण हैं। इन आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इन चुनावों में बीजेपी और JDU ने चार-चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है। मतगणना के बीच पटना स्नातक सीट के शुरुआती रुझानों और केंद्र के बाहर हुए हंगामे पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।