Knews Desk- भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी20 मुकाबले के दौरान मैदान पर ऐसा पल देखने को मिला, जब एक छोटी सी चूक गंभीर हादसे में बदल सकती थी। वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड की पारी के दौरान डैरेल मिचेल ने एक जोरदार शॉट लगाया। गेंद तेजी से बाउंड्री की ओर गई और वहां खड़े एक स्टीवर्ड के सिर पर लगने से बाल-बाल बची। इस घटना ने मैदान पर मौजूद लोगों को चौंका दिया। अगर गेंद सीधे उनके सिर के पिछले हिस्से पर लग जाती, तो उन्हें गंभीर चोट लग सकती थी।
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के छठे ओवर की पहली गेंद पर हुई। डैरेल मिचेल ने पुल शॉट खेला, जो बेहद तेजी से बाउंड्री की तरफ गया। उस समय बाउंड्री के पास खड़ा स्टीवर्ड दर्शकों की ओर देख रहा था। उसका ध्यान गेंद की दिशा में नहीं था। ऐसे में तेज रफ्तार से आती गेंद उसके सिर के बेहद करीब से निकल गई। गनीमत रही कि गेंद उसे नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।बताया जा रहा है कि शॉट खेलने के बाद डैरेल मिचेल को भी स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ। उन्होंने अपना चेहरा छिपा लिया। गेंद जिस रफ्तार से स्टीवर्ड की तरफ गई थी, उससे चोट लगने की आशंका काफी गंभीर हो सकती थी। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई।मैच में डैरेल मिचेल और फिन एलेन ने न्यूजीलैंड की ओर से शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाया और दूसरे विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 86 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी ने न्यूजीलैंड की पारी को गति देने में अहम भूमिका निभाई।
डैरेल मिचेल ने 20 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि फिन एलेन ने भी 23 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के अलग-अलग हिस्सों में आकर्षक शॉट लगाए और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। हालांकि, उनकी इस शानदार साझेदारी का अंत नीतीश कुमार रेड्डी ने किया।नीतीश कुमार रेड्डी की गेंद पर फिन एलेन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन लॉन्ग ऑन पर तैनात नमन धीर ने शानदार कैच लपक लिया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लगा और दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी टूट गई।मुकाबले के दौरान मिचेल के छक्के से जुड़ी घटना ने एक बार फिर क्रिकेट मैदानों पर खिलाड़ियों और दर्शकों के आसपास मौजूद कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया। तेज रफ्तार से आने वाली गेंद किसी को भी गंभीर रूप से घायल कर सकती है। इस बार किस्मत अच्छी रही कि बाउंड्री पर खड़ा स्टीवर्ड सुरक्षित बच गया और मुकाबले के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।