गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग, 5 की मौत और 6 घायल

असम के गुवाहाटी में होटल बिलास इन में गोलीबारी की घटना में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Knews Desk- असम के गुवाहाटी में सोमवार शाम गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई। शहर के पलटन बाजार थाना क्षेत्र में जीएस रोड स्थित बोरा सर्विस इलाके के होटल बिलास इन में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, घटना में छह लोग गोली लगने से घायल हुए, जिनमें से पांच की मौत हो गई। मृतकों में होटल की मालकिन और उनका बेटा भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गोलीबारी सोमवार रात करीब नौ बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घायलों में एक व्यक्ति का इलाज जारी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोलीबारी की वजह होटल बिलास इन के लीज एग्रीमेंट से जुड़ा संपत्ति विवाद हो सकता है। पुलिस ने आरोपी को घटना के करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

घटना के बाद बोरा सर्विस इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने, साक्ष्य जुटाने और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी हासिल करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *