24 घंटे से बिजली गुल, पानी खत्म…गुरुग्राम में लोगों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम

हरियाणा के गुरुग्राम में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर गहराता जा रहा है। शहर के दर्जनों इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के बीच पानी की किल्लत ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Knews Desk– हरियाणा के गुरुग्राम में बिजली संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर के कई रिहायशी और औद्योगिक इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गुरुवार रात कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद एक बार फिर कई इलाकों में अंधेरा छा गया। लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों की रात परेशानी में गुजरी और सुबह होते-होते पानी की किल्लत भी सामने आने लगी।

जानकारी के मुताबिक, रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के टोल-फ्री नंबर पर बिजली से जुड़ी 5,500 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। सेक्टर-2 ब्लॉक-बी, अशोक विहार फेज-2 और फेज-3, सेक्टर-5, दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-4, भीमगढ़ खेड़ी, पालम विहार, सेक्टर-23, राजेंद्र पार्क, रतन विहार, विष्णु गार्डन और सेक्टर-105 समेत कई इलाकों से बिजली कटौती की शिकायतें सामने आईं।

बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी देखने को मिला। सोहना और फरुखनगर तहसील के कई गांवों और कॉलोनियों में बिजली गुल रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजली नहीं होने से पानी की आपूर्ति और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा है।

इस संकट के बीच प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। कर्मचारियों की हड़ताल पहले से घोषित होने के बावजूद बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्रों में भी देखने को मिला है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई फैक्ट्रियों का कामकाज प्रभावित हुआ है। इससे पहले दौलताबाद, कादीपुर और सेक्टर-37 जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी बिजली संकट की खबरें सामने आई थीं।

जिला प्रशासन ने बिजली संबंधी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नागरिक बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और तकनीकी खराबी की जानकारी 1912 या 1800-180-4334 पर दे सकते हैं। इसके अलावा 8813999708 और 9540954768 पर व्हाट्सऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। फिलहाल बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहर के कई इलाकों में आपूर्ति बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *