नाश्ते में बनाएं स्वादिष्ट मुगलई परांठा, एक बार खाएंगे तो बार-बार खाने का करेगा मन

KNEWS DESK- नाश्ते में कुछ नया और जायकेदार खाने का मन है, तो मुगलई परांठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। अंडे, प्याज, हरी मिर्च और हरे धनिये से तैयार होने वाला यह परांठा स्वाद से भरपूर होता है। बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड में शामिल मुगलई परांठा पश्चिम बंगाल में काफी पसंद किया जाता है। खास बात यह है कि इसे घर पर भी आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं मुगलई परांठा बनाने की आसान रेसिपी।

मुगलई परांठा बनाने में कितना समय लगेगा?

मुगलई परांठा तैयार करने में करीब 30 मिनट का समय लगता है। इसकी तैयारी में 10 मिनट और पकाने में लगभग 20 मिनट लग सकते हैं। दी गई सामग्री से चार लोगों के लिए परांठे तैयार किए जा सकते हैं। हालांकि, आटे को गूंथने के बाद 2 से 3 घंटे तक अलग रखने का समय भी ध्यान में रखें।

मुगलई परांठा बनाने के लिए सामग्री

  • गेहूं का आटा – 3 कप
  • मैदा – 1 कप
  • पानी – 2 कप
  • घी – 2 चम्मच और तलने के लिए अलग से
  • अंडे – 4
  • नमक – स्वादानुसार
  • बारीक कटा प्याज – आधा कप
  • हरी मिर्च – 2
  • कटा हुआ हरा धनिया – 4 चम्मच

मुगलई परांठा बनाने की आसान विधि

सबसे पहले एक बर्तन में गेहूं का आटा और मैदा मिलाएं। इसमें दो चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर 2 से 3 घंटे के लिए अलग रख दें, ताकि वह अच्छी तरह तैयार हो जाए। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। तवे को गर्म करें और एक लोई को बेलकर तवे पर डाल दें। अब परांठे के ऊपर एक अंडा फोड़कर डालें। इसके बाद बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर मिश्रण को फैला दें। अब आंच धीमी कर दें और परांठे को दोनों तरफ से अच्छी तरह पकाएं। इसके बाद परांठे को चारों तरफ से मोड़कर चौकोर आकार दें। ऊपर से घी लगाकर इसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। जब परांठा अच्छी तरह पक जाए, तो इसे तवे से उतारकर प्लेट में निकाल लें।

चाय, दही या चटनी के साथ करें सर्व

गरमा-गरम मुगलई परांठे को सुबह की चाय के साथ परोसा जा सकता है। इसके अलावा दही और मनपसंद चटनी के साथ भी इसका स्वाद लिया जा सकता है। अंडे और मसालों के मेल से तैयार यह परांठा नाश्ते को खास बना सकता है। अगर आप रोजाना एक जैसा नाश्ता करके बोर हो गए हैं, तो घर पर मुगलई परांठा बनाकर कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई कर सकते हैं। इसे नाश्ते के अलावा लंच या डिनर में भी खाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *