‘इतना अन्याय किसी परिवार के साथ नहीं हुआ’, आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का बड़ा बयान

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने आजम खान के परिवार के साथ अन्याय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सच्चाई एक दिन सामने आएगी। अखिलेश ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

Knews Desk- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में आजम खान और उनके परिवार के साथ हुए कथित अन्याय का मुद्दा उठाया। अखिलेश ने कहा कि इतना अन्याय किसी राजनीतिक परिवार के साथ नहीं हुआ होगा, जितना आजम खान के परिवार के साथ हुआ है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई कभी न कभी सामने आएगी और जब ऐसा होगा, तो संबंधित लोगों को समाज, देश और कानून के सामने जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारी फर्जी मुकदमे दर्ज कराते हैं। साथ ही कहा कि आजम खान का जौहर यूनिवर्सिटी बनाने का जो सपना था, उसे समाजवादी पार्टी पूरा करेगी।

उन्होंने कहा, “आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे।” अखिलेश ने रामपुर की भावनाओं और सामाजिक न्याय का जिक्र करते हुए आजम खान के प्रति अपना समर्थन भी जताया।

मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को हराना है और पार्टी का हर कार्यकर्ता इसके लिए काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का फोकस PDA, सामाजिक न्याय और सच्चाई पर रहेगा।

अखिलेश यादव का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। आजम खान से मुलाकात के बाद उनके बयान को प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *