Knews Desk– पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:45 बजे सूचना मिली कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहा दो साल का बच्चा अचानक लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में बच्चा बाइक पर एक अज्ञात व्यक्ति के साथ दिखाई दिया। फुटेज से पता चला कि आरोपी बच्चे को दिल्ली रोड की ओर लेकर गया था।जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान विवेक कुमार के रूप में मिली। वह बिहार के रोहतास जिले के सासाराम का रहने वाला है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने बच्चे का अपहरण करने से पहले कई बाइक चोरी की थीं। बताया गया कि वह सबसे पहले अजमेर पहुंचा, जहां उसने क्लॉक टावर थाना क्षेत्र से एक बाइक चुराई। इसके बाद उसने कथित तौर पर बच्चे के अपहरण की कोशिश की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुआ।
अजमेर से निकलने के बाद आरोपी जयपुर के शाहपुरा पहुंचा। वहां चोरी की बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसने बाइक छोड़ दी और दूसरी बाइक चुरा ली। इसके बाद वह इसी बाइक से नीमराना पहुंचा। यहां घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर उसकी नजर पड़ी। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे जब बच्चे के आसपास कोई नजर नहीं आया, तो आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।बच्चे के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न रास्तों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों और उसके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया गया। पुलिस टीम ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के मथुरा तक पहुंच बनाई। 20 अक्टूबर की शाम कोसीकलां थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पास आरोपी को पकड़ लिया गया। इसके साथ ही बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें त्रिशूल और शृंगार का सामान मिला। इन वस्तुओं के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बच्चे का अपहरण नर बलि देने के इरादे से किया गया था। पुलिस को यह भी आशंका है कि यदि आरोपी को दशहरे तक नहीं पकड़ा जाता, तो वह किसी वारदात को अंजाम दे सकता था। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि अभी नहीं हुई है।कोटपूतली-बहरोड़ के एसपी सतवीर सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी विवेक कुमार से बच्चे के अपहरण, चोरी की गई बाइकों और कथित नर बलि की आशंका को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने बच्चे का अपहरण क्यों किया और उसके पास से बरामद वस्तुओं का क्या उद्देश्य था। फिलहाल बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।