‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग में धमाका, रिलीज से पहले बिके 80 हजार से ज्यादा टिकट

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म के भारत में 83,412 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं, जबकि घरेलू बाजार में ग्रॉस एडवांस कलेक्शन 4.78 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

Knews Desk – भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा तथा यश के निर्माण में बनी इस पौराणिक महागाथा की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकट खिड़की पर जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। फिल्म ने रिलीज से पहले ही टिकटों की बिक्री के जरिए अच्छी शुरुआत की है।

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ‘रामायण’ के भारत में अब तक 83,412 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। देशभर में 3,492 शोज के जरिए फिल्म ने 4.78 करोड़ रुपये का ग्रॉस एडवांस कलेक्शन दर्ज किया है। घरेलू बाजार में हिंदी वर्जन की सबसे ज्यादा मांग है, जिसकी हिस्सेदारी कुल एडवांस बुकिंग में करीब 95 फीसदी बताई जा रही है।

शहरों की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में फिल्म की टिकटों की सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है। इसके बाद मुंबई का नंबर है। वहीं, पुणे, कोलकाता और बेंगलुरु में भी टिकटों की बिक्री की रफ्तार तेज बनी हुई है।

ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर भी ‘रामायण’ का क्रेज

‘रामायण’ को लेकर भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी दर्शकों का उत्साह देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार प्रमुख विदेशी बाजारों में फिल्म की एडवांस बुकिंग 1.3 मिलियन डॉलर यानी करीब 12.3 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। विदेशों में अब तक 87 हजार से ज्यादा टिकट बुक किए जाने की जानकारी सामने आई है।

विदेशी बाजारों में टिकटों की शुरुआती बिक्री से फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े शुरुआती रुझान हैं और फिल्म की वास्तविक बॉक्स ऑफिस सफलता का आकलन रिलीज के बाद ही किया जा सकेगा।

मुंबई में सुबह 6 बजे का शो, देर रात भी होंगे शो

फिल्म को लेकर दर्शकों की मांग को देखते हुए कुछ सिनेमाघरों में सुबह और देर रात के शो भी रखे जा रहे हैं। बुकमायशो की लिस्टिंग के मुताबिक, मुंबई के गोरेगांव स्थित मिराज सिनेमाज में ‘रामायण पार्ट 1’ का सुबह 6 बजे का शो निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा, देर रात के शो भी सूचीबद्ध किए गए हैं। कई मल्टीप्लेक्स में रात 11:59 बजे के शो की बुकिंग शुरू होने की जानकारी है। इससे दर्शकों को अपनी सुविधा के अनुसार फिल्म देखने के लिए अलग-अलग समय के विकल्प मिलेंगे।

‘रामायण’ की स्टार कास्ट और रिलीज प्लान

दो भागों में बनने वाली इस महागाथा में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस और वीएफएक्स तकनीक से तैयार की जा रही यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं, इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज करने की योजना है। अब देखना होगा कि एडवांस बुकिंग में मिल रही शुरुआती प्रतिक्रिया रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी सफलता में बदलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *