1 नवंबर की महारैली के लिए यूपी कांग्रेस ने तेज की तैयारी, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्लान

दिल्ली के रामलीला मैदान में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित INDIA गठबंधन की महारैली को सफल बनाने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने रणनीति तैयार की। लखनऊ में अवध जोन के नेताओं की बैठक में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Knews Desk– दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की विशाल रैली को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में अवध जोन के जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों समेत वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में रैली को सफल बनाने और उत्तर प्रदेश से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।

कांग्रेस इस रैली के जरिए चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध तेज करने की तैयारी में है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग को इस आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है।

बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और एआईसीसी सचिव-सहप्रभारी अब्दुल मन्नान समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में नेताओं ने जिला, ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर जोर दिया। कांग्रेस के मुताबिक, INDIA गठबंधन की प्रस्तावित रैली में युवाओं, छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर आशंकाएं जताईं। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के मतदाताओं के नाम काटे जाने की आशंका है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए अपना आंदोलन सड़क से लेकर न्यायालय तक जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *