माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने की शादी के 27 साल पूरे, पति ने शेयर कीं अनदेखी तस्वीरें

माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने की शादी को 27 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर डॉ. नेने ने शादी की अनदेखी झलकियों वाला वीडियो शेयर कर पत्नी के लिए प्यार भरा नोट लिखा है।

Knews Desk – माधुरी दीक्षित 90 के दशक की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। उन्होंने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दीं और अपने शानदार डांस से दर्शकों का दिल जीता। इन दिनों माधुरी कौन बनेगा करोड़पति के मराठी वर्जन को होस्ट कर रही हैं। अपने करियर के पीक पर उन्होंने भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी की थी। आज यानी 17 अक्टूबर को दोनों की शादी को 27 साल पूरे हो गए हैं।

डॉ. श्रीराम नेने अपनी पत्नी माधुरी पर प्यार जताने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। शादी की 27वीं सालगिरह पर भी उन्होंने खास अंदाज में अभिनेत्री को बधाई दी। डॉ. नेने ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनकी शादी की अनदेखी झलकियां देखने को मिल रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक भावुक और प्यार भरा नोट भी लिखा है।

डॉ. नेने ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक-दूसरे को हां कहने के दो दिन बाद उन्होंने परिवार के साथ अपने प्यार, परंपराओं, आशीर्वाद और हिंदू रीति-रिवाजों के पवित्र वचनों के साथ इस रिश्ते का जश्न मनाया। उन्होंने लिखा कि 17 अक्टूबर 1999 को दोनों ने जिंदगी के हर सुख, मुश्किल और नए रोमांच में एक-दूसरे का साथ निभाने का वादा किया था।

https://www.instagram.com/reels/DelTvlKRdIs/

उन्होंने आगे लिखा कि 27 साल बाद शादी के उन सात फेरों ने उन्हें वहां तक पहुंचा दिया है, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। प्यार में डूबे दो लोगों से लेकर एक खूबसूरत परिवार और जिंदगी भर साथ मिलकर देखे गए सपनों तक, उनका सफर बेहद खास रहा है। माधुरी के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए डॉ. नेने ने लिखा कि वह आज भी उनकी सबसे पसंदीदा इंसान, सबसे अच्छी दोस्त और जिंदगी का सबसे खूबसूरत रोमांच हैं।

माधुरी दीक्षित और डॉ. श्रीराम नेने की पहली मुलाकात अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक पार्टी के दौरान हुई थी। उस समय डॉ. नेने को यह नहीं पता था कि माधुरी बॉलीवुड की इतनी बड़ी स्टार हैं। उन्होंने उनके साथ आम लड़कियों की तरह ही व्यवहार किया। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और फिर उन्होंने शादी कर ली।

शादी के बाद माधुरी अमेरिका शिफ्ट हो गई थीं और उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी। इस कपल के दो बेटे हैं। हालांकि, अब माधुरी भारत लौट आई हैं और अपने काम पर ध्यान दे रही हैं। हाल ही में उनकी वेब सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *