UP PET Exam 2026: 60 जिलों में 1,372 Centres, नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम

UP PET 2026: 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, CCTV से होगी निगरानी

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित होने वाली इस परीक्षा में नकल रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले चश्मों की भी सघन जांच होगी।

60 जिलों में बनाए गए 1,372 परीक्षा केंद्र

UP PET 2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 1,372 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। इसमें कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

CCTV कैमरों से होगी निगरानी

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारियों को सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के साथ कोषागारों में लगे CCTV कैमरों से भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को पहले से प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी होंगे इंतजाम

परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख सड़कों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रशासन को यातायात नियंत्रित करने और भीड़ संभालने के निर्देश दिए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों की सहायता के लिए जरूरत के अनुसार हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी। वहीं, दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए होल्डिंग एरिया तैयार करने की व्यवस्था भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *