Agniveer Bharti लंबाई बढ़ाने के लिए सिर पर डंडे मार रहे Candidates, चोट छिपाने के लिए रगड़ रहे नींबू

Agniveer Bharti: लंबाई बढ़ाने के लिए सिर पर डंडे मार रहे अभ्यर्थी, चोट छिपाने के लिए रगड़ रहे नींबू

उत्तराखंड के रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भर्ती में निर्धारित लंबाई की शर्त पूरी करने के लिए कुछ अभ्यर्थी कथित तौर पर अपने सिर पर डंडे मारकर सूजन पैदा कर रहे हैं। इतना ही नहीं, चोट के निशान और सूजन छिपाने के लिए सिर पर नींबू रगड़ने के मामले भी सामने आए हैं।

रुड़की में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली

रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर समूह एवं केंद्र (BEG) के पवेलियन मैदान में भर्ती वर्ष 2027 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। यह भर्ती 5 अक्टूबर से शुरू हुई है और 23 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) पास कर चुके अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों के युवाओं के लिए आयोजित इस रैली के तहत अग्निवीर लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन के पदों पर भर्ती की जा रही है।

लंबाई की जांच में अधिकारियों की सख्ती

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थी लंबाई मापने के दौरान सिर की सूजन के जरिए निर्धारित मानक पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में उनके परिजन भी साथ दे रहे हैं। हालांकि, लंबाई को लेकर थोड़ा भी संदेह होने पर अधिकारी दोबारा माप ले रहे हैं।

सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन के निदेशक ने बताया कि लंबे बाल होने की स्थिति में अभ्यर्थियों को उन्हें कटवाने के लिए समय दिया जा रहा है। ऐसे अभ्यर्थी दो से ढाई घंटे में बाल कटवाकर दोबारा भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

अलग-अलग क्षेत्रों के लिए निर्धारित है लंबाई

अग्निवीर भर्ती में शारीरिक माप के नियम ट्रेड और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हैं। निर्धारित ऊंचाई के मानक इस प्रकार हैं।

♦ पूर्व हिमालयी क्षेत्र: 160 सेंटीमीटर।

♦ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र: 163 सेंटीमीटर।

♦ पश्चिमी मैदानी क्षेत्र: 170 सेंटीमीटर।

♦ पूर्वी मैदानी क्षेत्र: 169 सेंटीमीटर।

♦ मध्य क्षेत्र: 168 सेंटीमीटर।

♦ दक्षिणी क्षेत्र: 166 सेंटीमीटर।

भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना जरूरी है। ऐसे में लंबाई की जांच के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर अधिकारियों की ओर से दोबारा माप लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *