अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस की ओर से 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए ध्रुव राठी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर इमरान खान को विदेशी नागरिक होने के आधार पर देश छोड़ने के लिए कहा जा रहा है, तो दूसरे विदेशी नागरिकों के मामलों में भी समान रवैया अपनाया जाना चाहिए।
Knews Desk – संजय राउत ने कहा कि इमरान खान एक अभिनेता और कलाकार हैं, जो युवाओं की आवाज बनकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उनके मुताबिक, सरकार इस आंदोलन से डर गई और अभिनेता को विदेशी नागरिक बताते हुए देश छोड़ने का नोटिस दे दिया गया। राउत ने बॉलीवुड के दूसरे कलाकारों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर विदेशी नागरिकता रखने वाले कलाकारों को लेकर कार्रवाई की जा रही है, तो सभी की सूची सामने लाई जानी चाहिए।
संजय राउत ने अपने बयान में यूट्यूबर ध्रुव राठी का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि ध्रुव राठी भी विदेशी नागरिक हैं और आंदोलन में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें देश छोड़ने के लिए नहीं कहा गया। हालांकि, ध्रुव राठी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह भारतीय नागरिक हैं और उनके पास भारतीय पासपोर्ट है। उन्होंने एक वीडियो में अपना भारतीय पासपोर्ट दिखाते हुए कहा था कि उन्हें भी एक आम भारतीय नागरिक के सभी अधिकार प्राप्त हैं।
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, अमेरिकी नागरिकता रखने वाले अभिनेता इमरान खान के खिलाफ यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई। इस प्रदर्शन में शामिल लोग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था।
इमरान खान अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं और विदेशी नागरिकता रखते हैं। अधिकारी के अनुसार, आप्रवासन और विदेशियों से संबंधित कानूनों के प्रावधानों के तहत विदेशी नागरिकों को भारत में राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों या राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है। पुलिस ने बताया कि अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का औपचारिक नोटिस दिया गया है और उन्होंने इसकी प्रति प्राप्त कर ली है। मामले में प्रशासनिक कार्रवाई जारी है।
इससे पहले बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इमरान खान के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने मुंबई पुलिस से अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए यह स्पष्ट करने को कहा था कि क्या कोई विदेशी नागरिक भारत में ऐसे राजनीतिक आंदोलनों में हिस्सा ले सकता है।
इमरान खान को नोटिस दिए जाने के बाद अब यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। जहां संजय राउत ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, वहीं बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने विदेशी नागरिकों की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्रवाई की मांग की थी।