KNEWS DESK- अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने आरोप लगाया है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को अमेरिका के कुछ डोनर्स से फंडिंग मिल रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारत के युवाओं से CJP की विचारधारा का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वे अमेरिका की विघटनकारी ताकतों के सामने नहीं झुकेंगे।
मैरी मिलबेन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत के युवाओं के लिए चुप रहने का समय नहीं है। उन्होंने अभिजीत दीपके और CJP पर अमेरिकी डोनर्स से फंडिंग लेने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, ये डोनर्स प्रधानमंत्री मोदी और उनके नेतृत्व में भारत के भविष्य के खिलाफ हैं। हालांकि, फंडिंग से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
मिलबेन ने आगे दावा किया कि कुछ डोनर्स दुनिया भर में रूढ़िवादी नेताओं को निशाना बनाते हैं और संबंधित देशों में अशांति फैलाने के लिए लोगों को फंडिंग देते हैं। उन्होंने भारतीय युवाओं से संगठित होकर CJP की विचारधारा का शांतिपूर्ण विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और आजादी को बनाए रखने के लिए जवाबी आंदोलन जरूरी है।
अमेरिकी सिंगर ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 25 साल तक भारत की सेवा की है, जिनमें 12 साल प्रधानमंत्री के तौर पर शामिल हैं। उन्होंने लगातार तीन बार चुने जाने का भी उल्लेख किया।
इससे पहले अगस्त में मैरी मिलबेन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी की आलोचना की थी। उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे और न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद हुआ था। मिलबेन ने आरोप लगाया था कि कार्यक्रम का विरोध करने वाले लोग प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के विरोधी हैं।