दिवाली-छठ तक नहीं बदलेंगे ट्रेनों के प्लेटफॉर्म, बिना टिकट स्टेशन में एंट्री बंद

KNEWS DESK– त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ और अचानक प्लेटफॉर्म बदलने से होने वाली अफरा-तफरी को रोकने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने अहम फैसले लिए हैं। रेलवे ने निर्देश दिया है कि दिवाली और छठ तक ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव नहीं किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों और उन्हें स्टेशन पर रिसीव करने आने वाले लोगों को बिना टिकट प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पूर्वोत्तर रेलवे ने अपने क्षेत्राधिकार के सभी स्टेशन मास्टरों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी ऐलान किया गया है।

गोरखपुर, छपरा, वाराणसी और लखनऊ समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। रेलवे ने यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की है, ताकि ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने तक यात्री निर्धारित स्थानों पर इंतजार कर सकें। इसके अलावा उद्घोषणा प्रणाली, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, रोशनी, मोबाइल चार्जिंग और CCTV कैमरों की व्यवस्था भी की गई है।

गोरखपुर जंक्शन पर करीब 2,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में अतिरिक्त वेटिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां लगभग 2,000 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और पुलों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तैनात किए जा रहे हैं। CCTV कैमरों के जरिए प्लेटफॉर्म और वेटिंग एरिया पर निगरानी रखी जाएगी।

त्योहारी सीजन में भीड़ की निगरानी के लिए रेलवे मुख्यालय और मंडल स्तर पर बनाए गए वार रूम में अधिकारी 24 घंटे मौजूद रहेंगे। वे रोजाना यात्रियों की संख्या और भीड़ का आकलन करेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा सके। रेलवे यात्रियों के लिए खानपान और पीने के पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *