knews desk – टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस माही विज इन दिनों सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं। शो का हिस्सा बनने के बाद से ही वह लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। अब माही ने बिग बॉस के घर में अपनी पुरानी रिलेशनशिप को लेकर कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि उनके एक्स आज भी उन्हें याद करते हैं और शराब पीने के बाद उन्हें फोन भी करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्यार में धोखा मिलने की बात भी कही।
माही विज ने बिग बॉस के घर में कनिका और गुल्लू के साथ बातचीत के दौरान अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनके एक्स अब भी उन्हें बहुत याद करते हैं। माही के मुताबिक, जो लोग शराब पीते हैं, वे पीने के बाद उन्हें फोन जरूर करते हैं। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उनके एक्स को अब तक उनके जैसी कोई दूसरी लड़की नहीं मिली है।
माही विज ने बताया, प्यार में मिला धोखा
बातचीत के दौरान गुल्लू ने माही से पूछा कि उनके रिश्तों में ब्रेकअप की शुरुआत कौन करता था, वह खुद या उनके एक्स। इस सवाल के जवाब में माही ने कहा कि कई लोगों ने उनके साथ धोखा किया और वे पकड़े भी गए।
माही ने अपने पुराने रिश्तों में धोखा मिलने की बात तो बताई, लेकिन किसी भी एक्स का नाम नहीं लिया। उनके इस खुलासे के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
जय भानुशाली से शादी और फिर तलाक
माही विज की शादीशुदा जिंदगी की बात करें तो उन्होंने नवंबर 2011 में टीवी एक्टर जय भानुशाली से शादी की थी। दोनों करीब 14 साल तक साथ रहे। हालांकि, इसी साल जनवरी में दोनों ने अपने तलाक की घोषणा कर दी थी।
माही विज और जय भानुशाली ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था। अब बिग बॉस 20 में माही के पुराने रिश्तों को लेकर किए गए खुलासे ने दर्शकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।