knews desk – बॉलीवुड फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में दो महीने से ज्यादा समय से दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। फिल्म की कमाई लगातार जारी है और अब इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 438 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए फैंस को उम्मीद है कि यह जल्द ही 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू सकती है। बीच में कलेक्शन एक करोड़ रुपये से नीचे जाने के बावजूद फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। ‘टॉक्सिक’ और ‘दृश्यम 3’ जैसी फिल्मों की रिलीज के बीच भी ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है।
फिल्म का कलेक्शन धीरे-धीरे 450 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह आंकड़ा भी वीकेंड तक पार हो सकता है। इसके बाद फिल्म की नजर अपने कुल कलेक्शन को और आगे ले जाने पर होगी। विदेशों में भी फिल्म को लगातार कमाई हो रही है, जबकि तेलुगु भाषा में इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
68वें दिन कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 68वें दिन 1.30 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसमें विदेशों से 10 लाख रुपये की कमाई शामिल है। हिंदी भाषा में फिल्म ने 55 लाख रुपये कमाए, जबकि तेलुगु में इसका कलेक्शन 75 लाख रुपये रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का 68 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 337.03 करोड़ रुपये हो चुका है। वहीं, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 397.80 करोड़ रुपये बताया गया है। विदेशों से फिल्म अब तक 40.60 करोड़ रुपये कमा चुकी है। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 438.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
चार फिल्मों से मिलेगी कड़ी चुनौती
‘हनुमान अंश’ की कमाई भले ही लगातार जारी हो, लेकिन आने वाले दिनों में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। इसकी राह में चार फिल्मों की रिलीज चुनौती बन सकती है।
एक तरफ रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में आने वाली है, वहीं विजय देवरकोंडा की पीरियड ड्रामा फिल्म ‘रणबाली’ भी रिलीज के लिए तैयार है। इसके अलावा यामी गौतम की नई फिल्म और विद्युत जामवाल की ‘स्ट्रीट फाइटर’ भी दर्शकों के बीच दस्तक देने वाली हैं।
ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इन फिल्मों की रिलीज के बीच ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार कितनी बरकरार रख पाती है और क्या 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में सफल होती है।