वाराणसी में 26 अक्टूबर तक मीट की दुकानों पर पाबंदी, नवरात्रि और एयर शो को लेकर नगर निगम का आदेश

Knews Desk– शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को लेकर नगर निगम ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में नमो घाट पर प्रस्तावित भारतीय वायु सेना के एयर शो को देखते हुए भी मांस की कटिंग और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम ने इस संबंध में दो अलग-अलग चरणों में आदेश जारी किए हैं।

पहले चरण में शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। वाराणसी नगर निगम के मुताबिक, इस दौरान धार्मिक स्थलों और मंदिरों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। आदेश के अनुसार, किसी भी धार्मिक स्थल या मंदिर के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री और पशुवध पर पूरी तरह रोक रहेगी।श्री काशी विश्वनाथ धाम के आसपास भी प्रतिबंध को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। धाम को केंद्र मानकर उसके दो किलोमीटर के दायरे में मांस की बिक्री, उपयोग और पशुवध पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है। नगर निगम का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना और श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करना है।

नगर निगम चलाएगा सघन चेकिंग अभियान

वाराणसी के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के अनुसार, शारदीय नवरात्रि के दौरान 11 से 19 अक्टूबर तक शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को बंद रखने का सख्त निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सभी जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।इस दौरान संबंधित टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण करेंगी, ताकि प्रतिबंध का उल्लंघन न हो। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एयर शो के मद्देनजर 26 अक्टूबर तक रहेगी पाबंदी

वाराणसी के नमो घाट पर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भारतीय वायु सेना का एयर शो आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम को देखते हुए 19 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक नमो घाट के 30 किलोमीटर के दायरे में मांस की कटिंग और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह फैसला लड़ाकू विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।इस तरह वाराणसी में मांस की दुकानों पर प्रतिबंध दो चरणों में लागू रहेगा। पहले चरण में नवरात्रि के दौरान पूरे शहर में दुकानें बंद रहेंगी, जबकि दूसरे चरण में एयर शो के मद्देनजर निर्धारित क्षेत्र में प्रतिबंध जारी रहेगा। नगर निगम ने अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *