मिस्टर फैजू ने मदीना में किया निकाह, पत्नी का चेहरा दिखाकर फैंस को दी खुशखबरी

सोशल मीडिया स्टार फैसल शेख उर्फ मिस्टर फैजू ने जिंदगी की नई शुरुआत की है। उन्होंने मदीना में निकाह के बाद अपनी पत्नी के साथ पहली तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों में उनकी दुल्हन का चेहरा भी नजर आ रहा है, हालांकि उन्होंने अभी तक पत्नी के नाम का खुलासा नहीं किया है।

Knews Desk – सोशल मीडिया की दुनिया के जाने-माने सितारे और कंटेंट क्रिएटर फैसल शेख उर्फ मिस्टर फैजू ने निकाह कर लिया है। शनिवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर निकाह की कई खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की। इन तस्वीरों में फैजू अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। उनका निकाह सऊदी अरब के मदीना शहर में हुआ।

सामने आई तस्वीरों में मिस्टर फैजू सफेद रंग की पारंपरिक शेरवानी और पगड़ी में दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनकी दुल्हन लाल और सफेद रंग के खूबसूरत जोड़े में नजर आ रही हैं। मांग टीका पहने दुल्हन का लुक भी काफी आकर्षक लग रहा है। तस्वीरों में दोनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है।

फैजू ने निकाह की रस्मों की भी कई तस्वीरें साझा की हैं। इनमें कहीं वह निकाहनामे पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं, तो कहीं अपनी पत्नी के साथ खूबसूरत पल बिताते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों में उनका पूरा परिवार भी मौजूद है। निकाह की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

फैसल शेख ने अपनी पत्नी का चेहरा तो दुनिया के सामने दिखा दिया है, लेकिन अभी तक उनके नाम की जानकारी साझा नहीं की है। ऐसे में फैंस उनकी दुल्हन के नाम को लेकर उत्सुक हैं। इससे पहले सोशल मीडिया पर फैजू की शादी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। अब निकाह की तस्वीरें सामने आने के बाद उनके प्रशंसक उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाइयां दे रहे हैं।

अपनी शादी की तस्वीरों के साथ फैजू ने भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कुरान की आयत का जिक्र करते हुए कहा, “और हमने तुम्हें जोड़ों में बनाया।” उन्होंने मदीना में निकाह और परिवार की मौजूदगी को अपने लिए एक ऐसा आशीर्वाद बताया, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

फैजू ने आगे लिखा कि वह अपनी पत्नी के साथ जिंदगी के इस खूबसूरत सफर की शुरुआत कर रहे हैं और चाहते हैं कि लोग उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें। उन्होंने अल्लाह से अपनी शादी में प्यार और बरकत बनाए रखने की दुआ भी की।

टिकटॉक पर वीडियो के जरिए लोकप्रियता हासिल करने वाले मिस्टर फैजू आज सोशल मीडिया के चर्चित कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल हैं। वह ‘खतरों के खिलाड़ी’, ‘झलक दिखला जा 10’ और ‘द 50’ जैसे रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं। अब उनकी शादी की तस्वीरें फैंस के बीच चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *