पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरसैया घाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पितृपक्ष की आखिरी अमावस्या के अवसर पर नरेंद्र सिंह (पिंटू ठाकुर) की अगुवाई में गंगा तट पर जल अर्पित कर विधि-विधान से पितृ विसर्जन किया गया।
Knews Desk – कानपुर, 10 अक्टूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि और पितृपक्ष की आखिरी अमावस्या के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरसैया घाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह (पिंटू ठाकुर) की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए और गंगा तट पर जल अर्पित कर विधि-विधान से पितृ विसर्जन किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें अपना अभिभावक मानते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर सपा नेता नरेंद्र सिंह (पिंटू ठाकुर) ने कहा कि मुलायम सिंह यादव सौहार्द की मिसाल थे। उन्होंने व्यापारियों, किसानों और नौजवानों के हित में सैकड़ों कार्य किए, जिसके चलते उन्हें आज भी याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें जल अर्पित कर ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनका आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे।
पितृ विसर्जन कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह (पिंटू ठाकुर), हरिओम शास्त्री, पुकुन तिवारी, पवन श्रीवास्तव, सन्ने यादव, मदन मिश्रा, अविनाश सिंह, प्रिंस यादव, राजीव कश्यप, पारस यादव और आदर्श पासवान सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।