चुनाव आयोग की कार्यशैली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों का INDIA गठबंधन दिल्ली में लगातार प्रदर्शन कर रहा है। बुधवार को जंतर-मंतर जाते समय पुलिस ने INDIA गठबंधन के सांसदों को हिरासत में लेना शुरू किया। इसी दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेटी नजर आईं। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें गिरा दिया और कई जगह खरोंच भी आई है।
Knews Desk – सड़क पर लेटे हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “ये हमारे साथ इस तरह से व्यवहार कर रहे हैं। जो सांसद सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते हैं, उनके साथ ये ऐसा बर्ताव करते हैं। हमारे साथ ऐसा ही बर्ताव किया जाता है। वे सांसदों को पीट रहे हैं। पुलिस वालों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है। उन्होंने हमें जमीन पर गिरा दिया। अब हम यहां से नहीं हटेंगे। वे अपनी फोर्स को वापस बुला लें, तब भी मैं यहां से नहीं हिलूंगी। अब हम यहां से हिलने वाले नहीं हैं।”
प्रदर्शन के दौरान यह भी कहा गया कि प्रियंका गांधी अस्वस्थ होने के कारण सड़क पर लेट गई थीं। हालांकि, इसी दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध कर रहे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें बस में बैठाकर दूसरी जगह ले गई। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को बुधवार को लगातार दूसरे दिन हिरासत में लिया गया।
सड़क पर लेटी प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने उठाया और उन्हें बस में बैठाकर दूसरी जगह ले जाया गया। कांग्रेस के दोनों नेताओं को बस में बैठाए जाने के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
इस बीच केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन भी केरल हाउस से जंतर-मंतर के पास उस जगह तक मार्च कर रहे थे, जहां INDIA ब्लॉक के कई सांसदों को रोका गया था।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। वे “नहीं चलेगी, नहीं चलेगी, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगा रहे थे।
इससे पहले मंगलवार को भी विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA के सांसदों ने चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें रोक दिया था। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने बाद में आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
मंगलवार के प्रदर्शन के कारण लुटियंस दिल्ली में यातायात प्रभावित हुआ था। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए कई सड़कों को बंद किया था और कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर कहा, “प्रियंका गांधी और राहुल गांधी दोनों की जान को खतरा है। ये बात मैं शुरू से कह रहा हूं।” उन्होंने आरोप लगाया कि “आज प्रियंका गांधी को पीटा गया।” पप्पू यादव ने दावा किया कि प्रियंका गांधी अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों को बचा रही थीं।