नागपुर में पिस्टल के दम पर ज्वेलरी शॉप में लाखों की लूट

नागपुर के वानाडोंगरी में दिनदहाड़े बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में घुसकर पिस्टल की नोक पर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। विरोध करने पर दुकान के कर्मचारी को बाइक से घसीटकर घायल कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

Knews Desk- महाराष्ट्र के नागपुर में एमआईडीसी थाना क्षेत्र के वानाडोंगरी में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात सामने आई है। महाजनवाड़ी स्थित धोमने ज्वेलर्स में बाइक सवार बदमाश घुसे और कर्मचारी शुभम हाडगे पर पिस्टल तान दी। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण बैग में भर लिए।

लूट के बाद बदमाश बाइक से फरार होने लगे। हाडगे ने उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए बाइक पकड़ ली, लेकिन आरोपियों ने बाइक नहीं रोकी और उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गए। गंभीर चोट लगने के बाद हाडगे को बाइक छोड़नी पड़ी। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में लगे CCTV फुटेज की जांच की है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं और एक आरोपी का चेहरा भी दिखाई दे रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने पर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *