KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मछार से वीडियो कॉल पर बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान कैप्टन स्मित ने घटना के बारे में प्रधानमंत्री को बताया। पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी की तारीफ की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक भी हो गए।
कैप्टन स्मित ने बताया कि उन्हें लगा था कि विमान नीचे गिर जाएगा। उन्होंने कहा कि उनसे जितना संभव हुआ, उन्होंने किया। उन्होंने बताया कि उस दौरान वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे और यात्रियों को मरते हुए नहीं देख सकते थे। कैप्टन स्मित ने कहा कि उन्होंने नहीं, बल्कि हनुमान जी ने सभी को बचाया। यात्रियों को बचाने के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह घायल होकर गिर गए।
इससे पहले 1 अक्टूबर को पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि बेहद खतरनाक हालात और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में को-पायलट की तरफ से हमला किया गया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की गई। ऐसी स्थिति में कैप्टन स्मित ने को-पायलट का मुकाबला किया।
यात्रियों को बचाते हुए कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हुए। 30 सितंबर को विमान की सऊदी अरब के तबुक में लैंडिंग के बाद उन्हें इमरजेंसी इलाज दिया गया और फिर एयरलिफ्ट कर UAE ले जाया गया। पीएम मोदी ने UPSC के कार्यक्रम में कहा कि कैप्टन स्मित ने 9/11 जैसी घटना को रोक दिया और उनकी बहादुरी पर हर भारतीय को गर्व है।