‘बिग बॉस 20’ के 26वें एपिसोड में कप्तानी की जंग के साथ घर में बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला। बिना जनता की वोटिंग के तीन कैप्टेंसी दावेदारों के फैसले के बाद सोशल मीडिया स्टार रीति तिवारी का सफर खत्म हो गया।
Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ का मंच इस वक्त सिर्फ राजनीति का अखाड़ा ही नहीं बना है, बल्कि यहां किचन की थाली से लेकर पुरानी जिंदगियों के गहरे जख्म तक सरेआम हो रहे हैं। 26वें एपिसोड में जहां एक तरफ कप्तानी की जंग में पुराने समीकरण ध्वस्त हो गए, वहीं दूसरी तरफ बिग बॉस ने बिना किसी जनता वोटिंग के एक और शॉकिंग मिड-वीक एविक्शन करवाकर पूरे घर के होश उड़ा दिए। इस बार गाज सोशल मीडिया स्टार रीति तिवारी पर गिरी, जिनका सफर घर के तीन दावेदारों के एक फैसले से हमेशा के लिए खत्म हो गया।
एपिसोड की शुरुआत कप्तानी टास्क से हुई, जहां लव गिल ने बड़ा दांव चलते हुए कुशल तंवर उर्फ गुल्लू को कप्तानी की रेस से बाहर करने का फरमान यंग डीएसए को सुना दिया। लव का कहना था कि गुल्लू काफी समय से सेफ रहे हैं और अब दूसरों को मौका मिलना चाहिए। टास्क के अंत में माही विज, उदिती सिंह और यंग डीएसए इस हफ्ते के अंतिम कैप्टेंसी कंटेंडर बनकर उभरे। टास्क के दौरान अरिश्फा खान के फैसलों पर काजी तौकीर और उदिती ने सवाल उठाए। उन्हें ‘बच्ची’ और ‘एक्सट्रीमली बोरिंग’ बताते हुए कहा कि वे विरोधी गुट के हाथों में खेल रही हैं।
माही विज का छलका दर्द
किचन में चल रहे भेदभाव को लेकर माही विज का गुस्सा और दर्द एक बार फिर फूट पड़ा। अमन के सामने अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए माही ने बताया कि वह लोअर मिडिल क्लास फैमिली से आती हैं। बचपन में जब वह एक रिश्तेदार के साथ रेस्टोरेंट गई थीं और उनकी बहन ने कॉर्न सूप मांगा, तो रिश्तेदार ने ताना मारा था कि ‘तेरे बाप के पास पैसे हैं?’ आज भले ही वह सबसे ज्यादा कामयाब हैं, लेकिन जब मैरी जी किचन में ऐसा पक्षपात करती हैं, तो उन्हें वही दर्द याद आ जाता है।
माही ने कहा कि मां की कसम खा रही हूं, मुझे यहां खाना खाने में शर्म आने लगी है। जो करना है मुंह पर करो, पीठ पीछे पक्षपात मत करो।
यही नहीं, काजी के पिछले ‘लॉलीपॉप’ वाले विवाद पर भी माही ने स्टैंड लिया और कहा कि घर के बाकी लड़के खुलेआम गालियां देते हैं, लेकिन सिर्फ काजी के एक शब्द पर बखेड़ा खड़ा कर दिया गया। उधर मैरी कॉम ने आम्रपाली और लव से साफ कहा कि माही और उदिती उन्हें अपनी दुश्मन जैसी लगती हैं।
कन्फेशन रूम में हुआ बड़ा खेल
एपिसोड में असली तूफान तब आया जब बिग बॉस ने तीनों कैप्टेंसी दावेदारों माही, उदिती और यंग को कन्फेशन रूम में तलब किया। बिग बॉस ने कड़े शब्दों में कहा कि घर में 11 लोग नॉमिनेटेड हैं, लेकिन किसी के माथे पर चिंता की एक शिकन तक नहीं है।
इसके बाद बिग बॉस ने इन तीनों को आदेश दिया कि वे इन 11 नॉमिनेटेड सदस्यों में से किसी एक को तुरंत बाहर निकालें। तीनों के बीच लंबी बहस चली। माही विज ने मैरी कॉम का नाम आगे बढ़ाया, उदिती सिंह ने रीति तिवारी का नाम लिया। यंग डीएसए ने अमन का नाम दिया।
काफी माथापच्ची के बाद तीनों ने रीति तिवारी के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी। यंग ने तर्क दिया कि रीति का काजी के साथ अचानक बहुत ज्यादा करीब दिखना गेम के लिए फेक लग रहा था। चूंकि रीति के पास केवल एक ही लाइफ बची थी, इसलिए इस फैसले के साथ ही उनका ‘बिग बॉस 20’ का सफर वहीं समाप्त हो गया।
बिना किसी चेतावनी के हुए इस मिड-वीक एविक्शन ने साबित कर दिया है कि बिग बॉस के घर में किसी की कुर्सी सुरक्षित नहीं है। रीति के अचानक जाने के बाद अब घर में कौन-सा नया कलेश भड़कता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।