सोनाली कुलकर्णी ने सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ में उनकी मां का किरदार निभाया था। हालांकि, शुरुआत में वह इस रोल को लेकर काफी झिझक रही थीं और उन्होंने डायरेक्टर अली अब्बास जफर और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को दूसरे एक्टर्स के नाम तक सुझा दिए थे।
Knews Desk – साल 2019 में सलमान खान की ‘भारत’ नाम से एक फिल्म आई थी। इसमें सलमान खान के अपोजिट कैटरीना कैफ नजर आई थीं। एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी भी इस फिल्म का हिस्सा थीं। उन्होंने सलमान खान की मां का किरदार निभाया था। रियल लाइफ में सोनाली कुलकर्णी उम्र में सलमान खान से 9 साल छोटी हैं। ऐसे में शुरुआत में वह इस रोल को करने से झिझक रही थीं। उन्हें लग रहा था कि वह इस किरदार में फिट नहीं बैठेंगी। ऐसे में उन्होंने ये किरदार निभाने से मना कर दिया था।
सोनाली कुलकर्णी ने कहा कि वह आमतौर पर कोई भी रोल करने से डरती नहीं हैं, लेकिन उनका मानना है कि आप जो किरदार कर रहे हैं, आपको उस हिसाब से दिखना भी चाहिए। हालांकि, जब उन्होंने ‘भारत’ की कहानी सुनी, तो उन्हें समझ आया कि इसमें सलमान खान के बचपन के फ्लैशबैक पर ज्यादा फोकस है। इसके बाद वह फिल्म के लिए राजी हो गई थीं।
डायरेक्टर को दिया था दूसरे एक्टर्स का सुझाव
सोनाली कुलकर्णी ने गलाटा इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि जब उन्हें ‘भारत’ का ऑफर मिला, तो उन्हें लगा कि ये रोल उन पर जमेगा नहीं। इसलिए उन्होंने डायरेक्टर अली और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को उन एक्टर्स की एक लंबी लिस्ट दी थी, जो उस रोल में अच्छे लगते। उन्होंने उनसे पूछा था कि आखिर उन्हें ये रोल क्यों ऑफर किया जा रहा है।
सोनाली ने कहा कि किसी किरदार को निभाने को लेकर उनके मन में कोई उलझन नहीं होती। वह किसी भी तरह का रोल करने के लिए पूरी तरह तैयार रहती हैं। अपनी पहली फिल्म ‘चेलुवी’ में उन्होंने एक ऐसी लड़की का रोल किया था, जो फूलों वाले पेड़ में बदल सकती थी। वहीं ‘दायरा’ में उन्होंने लड़के का किरदार निभाया था और उनकी मूंछें भी थीं।
सोनाली ने आगे कहा कि लोग मां का किरदार सुनकर डर जाते हैं, लेकिन जो मां होती है, वह भी किसी की भाभी, दोस्त या पत्नी हो सकती है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें ‘मिशन कश्मीर’ में संजय दत्त की पत्नी के तौर पर याद करते हैं, न कि सिर्फ ऋतिक रोशन की सरोगेट मां के रोल के लिए। हालांकि, ‘भारत’ में उन्हें लगा था कि उन्हें किरदार के हिसाब से दिखना भी जरूरी है।
म्यूजिक लॉन्च पर सलमान से मिली थीं
सोनाली ने बताया कि जब उन्होंने ‘भारत’ की कहानी सुनी, तो उन्हें एहसास हुआ कि इसमें सलमान खान के बचपन के फ्लैशबैक पर ज्यादा जोर है। उन्होंने इससे पहले सलमान खान के साथ काम नहीं किया था। हालांकि, एक बार सलमान खान उनकी फिल्म के म्यूजिक लॉन्च पर आए थे और तभी उनकी उनसे मुलाकात हुई थी।
सोनाली को लगा कि ‘भारत’ में सलमान के किरदार के बचपन वाले हिस्से पर ज्यादा फोकस होने की वजह से उनके साथ कनेक्ट करने का यह सही तरीका हो सकता है। इसके बाद उन्होंने फिल्म में सलमान खान की मां का किरदार निभाने के लिए हामी भर दी।