स्पीडबोट से पहुंचे चोर, जहाज में गैस पाइपलाइन काटने के दौरान 4 की मौत

KNEWS DESK- महाराष्ट्र के मुंबई में मनोरी बीच के पास फंसे एक विदेशी झंडे वाले जहाज में चोरी के प्रयास के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना दो से तीन दिन पहले हुई थी और मृतकों की उम्र 30 वर्ष से कम बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण यह जहाज करीब चार महीने पहले मुंबई तट के पास फंस गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक गिरोह पिछले करीब एक महीने से जहाज को निशाना बना रहा था और पहले भी चोरी कर चुका था। घटना से दो से तीन दिन पहले आठ लोग स्पीडबोट के जरिए जहाज तक पहुंचे थे। इनमें से एक व्यक्ति नाव पर रुक गया, जबकि सात लोग जहाज के अंदर गए। इनमें से चार लोग कथित तौर पर चोरी के इरादे से गैस कटर की मदद से गैस पाइपलाइन काटने का प्रयास कर रहे थे।

पाइपलाइन काटने के दौरान बंद जगह में जहरीली गैस का रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आने से चारों लोगों का कथित तौर पर दम घुट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गिरोह के एक सदस्य के गोराई थाने पहुंचने के बाद मिली। उसने पुलिस को बताया कि उसके चार साथी जहाज के अंदर फंस गए हैं। इसके बाद पुलिस ने मर्चेंट नेवी के कर्मियों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। बुधवार को खोजी दल ने हेलीकॉप्टर की मदद से जहाज में प्रवेश कर चारों शवों को बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि जहाज के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मालिक फिलहाल विदेश में है और फरार बताया जा रहा है। गोराई पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *