भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को महंगे उपहार स्वीकार नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने सोने या चांदी के मुकुट और महंगे गिफ्ट लेने से बचने को कहा है। नबीन ने नेताओं से सार्वजनिक जीवन में शुचिता और मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया।
Knews Desk – बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी के नेताओं को महंगे उपहार स्वीकार करने से बचने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कार्यकर्ता या समर्थक महंगा उपहार देने पर जोर देता है, तो उसे विनम्रता से वापस कर देना चाहिए। इनमें सोने या चांदी के मुकुट जैसे उपहार भी शामिल हैं।
नितिन नबीन ने पार्टी के महासचिवों के साथ हुई बैठक में यह बात कही। बैठक में उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों से आम जनता की अपेक्षाएं अलग होती हैं। ऐसे में नेताओं को अपने आचरण के जरिए समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए।
महंगे गिफ्ट से जाता है गलत संदेश
पार्टी नेताओं को दिए गए इस संदेश के पीछे सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और मर्यादा बनाए रखने की बात कही गई है। पार्टी के मुताबिक, नेताओं का व्यक्तिगत व्यवहार संगठन की छवि को भी प्रभावित करता है।
दरअसल, चुनावी राज्यों में टिकट के इच्छुक नेता और कार्यकर्ता अक्सर वरिष्ठ नेताओं और पार्टी प्रभारियों से मुलाकात के दौरान महंगे उपहार देते हैं। पार्टी कार्यक्रमों में सोने-चांदी के मुकुट या अन्य महंगे उपहार देने की परंपरा भी देखने को मिलती है। नितिन नबीन ने ऐसे उपहार स्वीकार नहीं करने की सलाह दी है।
कई राज्यों में चुनाव की तैयारी
आने वाले समय में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर, गुजरात और कर्नाटक समेत कई राज्यों में चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी का संगठनात्मक स्तर पर गतिविधियों पर जोर है।
नितिन नबीन हाल ही में पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, जिला नेताओं और IT तथा सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठकें कीं।
पश्चिम बंगाल में नबीन की बैठकों में संगठन को मजबूत करने, पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय और जमीनी स्तर पर गतिविधियों की समीक्षा पर चर्चा हुई।