Drishyam 3: अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत की एंट्री, डायरेक्टर ने 7 दिन में रचा नया किरदार

Knews Desk – डायरेक्टर अभिषेक पाठक फिल्म में अक्षय खन्ना को वापस लाने के लिए उत्साहित थे, लेकिन आखिरी वक्त पर उनकी डिमांड के चलते वह फिल्म से बाहर हो गए। इसके बाद मेकर्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि कम समय में एक नए अभिनेता के लिए नया किरदार कैसे तैयार किया जाए।

अभिषेक पाठक ने बताया कि शूटिंग शुरू होने में सिर्फ 7 से 10 दिन बचे थे। सेट तैयार हो रहा था और उन्हें तुरंत फैसला लेना था। ऐसे में उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर तय किया कि किरदार को ही बदलना होगा। नए किरदार का ब्लूप्रिंट तैयार करने में करीब 7 दिन लगे। इसके बाद सीन लिखने का काम शुरू किया गया।

डायरेक्टर ने बताया कि इतनी कम समय सीमा में नया किरदार तैयार करना आसान नहीं था, लेकिन दबाव में टीम ने काफी अच्छा काम किया। इसी प्रक्रिया के बाद जयदीप अहलावत की फिल्म में एंट्री हुई।

अभिषेक पाठक ने ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने को लेकर भी अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि वह चौथा पार्ट नहीं बनाना चाहते, क्योंकि इस कहानी को सिर्फ आगे बढ़ाने के लिए आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। उनके मुताबिक, फ्रेंचाइजी को एक अच्छे मोड़ पर खत्म होना चाहिए और ‘दृश्यम 3’ के साथ कहानी उसी मुकाम तक पहुंचेगी।

वहीं, हिंदी फ्रेंचाइजी के खत्म होने के बीच अब ‘दृश्यम’ के कोरियन वर्जन पर भी काम चल रहा है। अभिषेक पाठक ने बताया कि वह कोरियन प्रोड्यूसर्स के साथ मिलकर फिल्म बना रहे हैं। उनके पास फ्रेंचाइजी के ग्लोबल राइट्स हैं, इसलिए वह इस प्रोजेक्ट में बतौर प्रोड्यूसर भी सीधे तौर पर शामिल हैं।

कोरियन वर्जन में ‘दृश्यम’ की मूल भावना को बरकरार रखा जाएगा, लेकिन कहानी को वहां की संस्कृति और कानूनों के हिसाब से ढाला जाएगा। अभिषेक पाठक के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *