बटलर की चोट ने बदली कहानी, 254 पर मजबूत इंग्लैंड 305 पर ढेर, श्रीलंका की शानदार जीत

Knews Desk– इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में एक समय इंग्लैंड की जीत लगभग तय नजर आ रही थी, लेकिन जॉस बटलर की चोट के बाद मैच का पूरा रुख बदल गया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुसल मेंडिस के शानदार शतक की बदौलत 321 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने जोरदार शुरुआत की, लेकिन आखिरी 12.3 ओवर में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मुकाबले में ऐसी वापसी की कि इंग्लैंड की पूरी पारी 305 रन पर सिमट गई और श्रीलंका ने 16 रन से जीत दर्ज की।लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में 24 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने शानदार बल्लेबाजी की। तीसरे नंबर पर उतरे मेंडिस ने 100 गेंदों में 121 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। यह वनडे क्रिकेट में उनका सातवां शतक था। उनकी पारी की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में 321 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

मेंडिस को कामिंडु मेंडिस ने 54 रन और पवन रत्नायके ने 48 रन बनाकर अच्छा साथ दिया। जनिथ लियानागे ने भी 32 रन की तेज पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन और रेहान अहमद ने दो-दो विकेट हासिल किए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। टॉम बैंटन ने 73 और बेन डकेट ने 67 रन की पारियां खेलीं। दोनों ने शुरुआती 20 ओवर के भीतर 140 से ज्यादा रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि इसके बाद महज 60 रन के भीतर दोनों ओपनर समेत चार बल्लेबाज आउट हो गए। इस दौरान जो रूट का विकेट भी श्रीलंका को मिला। युवा स्पिनर डुनिथ वेल्लालगे ने इनमें से तीन विकेट हासिल किए।

इसके बाद जॉस बटलर ने इंग्लैंड की पारी को संभाला। बटलर ने महज 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और इंग्लैंड को जीत की ओर ले जाते नजर आए। लेकिन 38वें ओवर की तीसरी गेंद के बाद बटलर चोट के कारण रिटायर हो गए। उस समय इंग्लैंड का स्कोर 254/4 था और टीम को जीत के लिए 12.3 ओवर यानी 75 गेंदों में सिर्फ 66 रन की जरूरत थी।बटलर के क्रीज से बाहर जाने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मुकाबले में जबरदस्त वापसी की। इंग्लैंड के बल्लेबाज लगातार दबाव में आते गए और आखिरी 12.3 ओवर में टीम सिर्फ दो बाउंड्री लगा सकी। बटलर 49वें ओवर में दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे और उन्होंने 69 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। हालांकि वह इंग्लैंड को जीत तक नहीं पहुंचा सके।इंग्लैंड की टीम 50 ओवर में 305 रन ही बना सकी और श्रीलंका ने मुकाबला 16 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने इंग्लैंड दौरे पर लगातार चार हार के बाद पहली जीत दर्ज की। वहीं हेडिंग्ले में इंग्लैंड की वनडे क्रिकेट में यह लगातार चौथी हार रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *