बिहार के समस्तीपुर में सड़क पर जा रही एक लड़की के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk– बिहार के समस्तीपुर जिले में लड़की से छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में बांध बाइपास रोड पर एक लड़की के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, लड़की एक लड़के के साथ बांध बाइपास रोड से जा रही थी। रास्ते में वह रुककर फोटो ले रही थी। इसी दौरान आसपास के कुछ युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि युवकों ने लड़की को गलत तरीके से छुआ और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
वीडियो में लड़की आरोपियों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाती नजर आ रही है। वह अपनी इज्जत-आबरू का हवाला देते हुए आरोपियों से छोड़ने की अपील करती रही। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। इसी दौरान घटना का बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि सदर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने की है।
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी के निर्देश पर सदर डीएसपी 1 और स्थानीय थाने की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। थाना अध्यक्ष और डीएसपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सदर डीएसपी 1 सतीश सुमन ने भी बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच चल रही है।
कर्पूरीग्राम थाना अध्यक्ष ने भी वायरल वीडियो की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।