स्मृति ईरानी ने ऑनलाइन ट्रोलिंग पर जताई नाराजगी, बोलीं- सेलिब्रिटी भी इंसान हैं

सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और अभद्र टिप्पणियों को लेकर अभिनेत्री स्मृति ईरानी ने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में होने का मतलब यह नहीं कि किसी व्यक्ति को अपमान सहने के लिए मजबूर किया जाए।

Knews Desk- स्मृति ईरानी ने इंस्टाग्राम पर अपनी को-स्टार के साथ एक वीडियो शेयर करते हुए ऑनलाइन ट्रोलिंग के बढ़ते चलन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ने आम लोगों को अपनी बात रखने और अपनी आवाज दुनिया तक पहुंचाने का अवसर दिया है, लेकिन कुछ लोग इस आजादी का इस्तेमाल दूसरों को अपमानित करने और उन्हें ठेस पहुंचाने के लिए करने लगे हैं।

अभिनेत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अक्सर यह कहकर चुप रहने की सलाह दी जाती है कि आलोचना और ट्रोलिंग उनके क्षेत्र का हिस्सा है। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि किसी के सार्वजनिक जीवन में होने का मतलब यह क्यों हो कि उसके सम्मान के अधिकार को खत्म मान लिया जाए।

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि वे असहमति जरूर जताएं, सवाल पूछें, बहस करें और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की आलोचना भी करें, लेकिन ऐसा करते समय मर्यादा और जिम्मेदारी को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्क्रीन के दूसरी तरफ भी एक इंसान मौजूद है, जिसकी भावनाएं होती हैं।

उन्होंने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि किसी अकाउंट के पीछे छिपकर की गई टिप्पणी या यह कहना कि ‘मेरा हैंडल, मेरी राय’ किसी को अपमानजनक व्यवहार का अधिकार नहीं देता। उनके मुताबिक, बोलने की आजादी के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है।

स्मृति ईरानी ने कहा कि किसी टिप्पणी या संदेश को लिखने में महज कुछ सेकंड लग सकते हैं, लेकिन उसके शब्दों का असर लंबे समय तक रह सकता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर दूसरों के प्रति संवेदनशील और दयालु रहने की अपील की।

स्मृति ईरानी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल के दिनों में कई फिल्मी सितारों को सोशल मीडिया पर उनके लुक, उम्र और शरीर को लेकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। इससे पहले सलमान खान ने भी ‘वीकेंड का वार’ के दौरान ट्रोलिंग को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *