Knews Desk- बड़ी फैमिली के लिए 7-सीटर कार खरीदने का प्लान बना रहे लोगों के लिए Kia ने नया विकल्प पेश किया है। कंपनी ने भारतीय बाजार में Kia Carens और Carens Clavis के फैक्ट्री-फिटेड CNG मॉडल लॉन्च कर दिए हैं। खास बात यह है कि इनमें CNG किट कंपनी की ओर से फिट की गई है, इसलिए ग्राहकों को बाहर से CNG किट लगवाने की जरूरत नहीं होगी। Kia Carens CNG की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.12 लाख रुपये है, जबकि Carens Clavis CNG की कीमत 12.39 लाख रुपये से शुरू होती है।
Kia Carens CNG को सिर्फ Premium (O) वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत 12.12 लाख रुपये है। वहीं Carens Clavis CNG दो वेरिएंट HTE और HTE (O) में उपलब्ध होगी। HTE वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 12.39 लाख रुपये और HTE (O) की कीमत 13.35 लाख रुपये है। दोनों मॉडल के CNG वेरिएंट पेट्रोल-मैनुअल मॉडल की तुलना में करीब 1 लाख रुपये महंगे हैं।इन दोनों गाड़ियों का मुकाबला बाजार में मौजूद दूसरी CNG MPV से होगा। Maruti Ertiga CNG की कीमत 10.94 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि Toyota Rumion CNG की शुरुआती कीमत 11.69 लाख रुपये है। Maruti XL6 CNG की कीमत 12.61 लाख रुपये से शुरू होती है। इस तरह Kia ने 7-सीटर CNG कारों के सेगमेंट में एक और विकल्प जोड़ दिया है।
इंजन की बात करें तो Carens और Carens Clavis CNG में 1.5-लीटर स्मार्टस्ट्रीम पेट्रोल इंजन दिया गया है। CNG मोड में यह इंजन 96 hp की पावर और 123 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पेट्रोल वर्जन के मुकाबले CNG मॉडल में पावर और टॉर्क कम है। दोनों गाड़ियों में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। CNG वेरिएंट में फिलहाल ऑटोमैटिक या iMT गियरबॉक्स का विकल्प नहीं मिलेगा।कंपनी ने अभी इन दोनों CNG मॉडल का आधिकारिक माइलेज आंकड़ा जारी नहीं किया है। इसलिए फिलहाल यह बताना संभव नहीं है कि एक किलोग्राम CNG में ये गाड़ियां कितनी दूरी तय करेंगी।CNG टैंक को गाड़ी के बूट के नीचे लगाया गया है। इसमें 60 लीटर का CNG टैंक दिया गया है। CNG टैंक लगने की वजह से बूट स्पेस कम हो गया है। तीनों रो इस्तेमाल करने पर बूट स्पेस 216 लीटर से घटकर 116 लीटर रह जाता है। हालांकि, स्पेयर व्हील अपनी जगह पर ही मौजूद रहता है।
गाड़ी में पेट्रोल और CNG के बीच स्विच करने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा 4.2 इंच की कलर TFT स्क्रीन पर CNG से जुड़ी जानकारी भी देखी जा सकती है। CNG टैंक के कारण गाड़ी का वजन बढ़ने को देखते हुए कंपनी ने सस्पेंशन में भी बदलाव किया है। आगे की तरफ 16-इंच डिस्क ब्रेक और R16 व्हील दिए गए हैं।फीचर्स की बात करें तो CNG मॉडल में पेट्रोल वेरिएंट से जुड़े कई फीचर्स बरकरार रखे गए हैं। कंपनी का कहना है कि CNG सिस्टम को गाड़ी के इंजन और दूसरे मैकेनिकल पार्ट्स के साथ बेहतर तरीके से काम करने के लिए तैयार किया गया है। 7-सीटर फैमिली कार में फैक्ट्री-फिटेड CNG का विकल्प उन ग्राहकों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो रोजाना ज्यादा दूरी तय करते हैं और पेट्रोल की तुलना में CNG की लागत को प्राथमिकता देते हैं।