करिश्मा तन्ना ने बताया पोस्टपार्टम डिप्रेशन का दर्द, बोलीं- छोटी-छोटी बातों पर रोने लगती थी

knews desk – एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा इस साल जुलाई में बेटे के पैरेंट्स बने हैं। मां बनने के बाद करिश्मा सोशल मीडिया पर अक्सर अपने मदरहुड से जुड़ी झलकियां शेयर करती रहती हैं। अब एक्ट्रेस ने पोस्टपार्टम डिप्रेशन और डिलीवरी के बाद हुए इमोशनल बदलावों को लेकर खुलकर बात की है।

करिश्मा ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि बच्चे को जन्म देने के बाद उनके लिए यह बेहद खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि मां बनने के बाद जिम्मेदारी और बच्चे के साथ इमोशनल जुड़ाव का एहसास बिल्कुल अलग होता है। उनके मुताबिक, मदरहुड आसान नहीं है, लेकिन यह बेहद खूबसूरत अनुभव है।

एक्ट्रेस ने बताया कि डिलीवरी के बाद कई बार वह छोटी-छोटी बातों पर रोने लगती थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले से ही खुद को इस स्थिति के लिए तैयार किया था और समझ लिया था कि यह एक सामान्य परेशानी हो सकती है और इससे वह उबर सकती हैं। हालांकि, इसके बावजूद इन भावनात्मक बदलावों का असर पड़ता है और कई बार इन्हें कंट्रोल करना आसान नहीं होता।

करिश्मा ने कहा कि मां बनने के बाद उन्हें महिलाओं की ताकत का असली एहसास हुआ। उन्होंने बच्चे की देखभाल में मदद करने वाले अपने परिवार और सपोर्ट सिस्टम का भी शुक्रिया अदा किया।

नई माताओं को सलाह देते हुए करिश्मा ने कहा कि उन्हें खुद को किसी बात के लिए दोषी नहीं मानना चाहिए। हर मां अपने बच्चे के लिए अपनी तरफ से सही फैसला लेने की कोशिश करती है, इसलिए खुद को लेकर अपराधबोध महसूस नहीं करना चाहिए।

एक्ट्रेस ने डिलीवरी के बाद होने वाले शारीरिक बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि टांकों से लेकर हार्मोनल बदलावों तक, एक महिला को कई तरह की शारीरिक और भावनात्मक चुनौतियों से गुजरना पड़ता है। ऐसे में मां बनने के बाद खुद को समय देना और परिवार के सपोर्ट को स्वीकार करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *