KNEWS DESK- भारतीय नौसेना के Next Generation Missile Vessel यानी NGMV प्रोजेक्ट ने अहम पड़ाव पार कर लिया है। कोच्चि स्थित Cochin Shipyard Limited (CSL) में 18 सितंबर को इस प्रोजेक्ट के पहले जहाज की कील लेइंग सेरेमनी आयोजित की गई। इस मौके पर भारतीय नौसेना और CSL के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
NGMV के निर्माण के लिए भारतीय नौसेना और CSL के बीच मार्च 2023 में अनुबंध हुआ था। इन पोतों को आधुनिक हथियारों और सेंसर से लैस किया जाएगा। इनके नौसेना में शामिल होने से समुद्री निगरानी, सुरक्षा और ऑपरेशनल क्षमताओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस परियोजना में स्वदेशी तकनीक और उपकरणों पर विशेष जोर दिया गया है। जहाज की भूमिका से जुड़े प्रमुख उपकरणों को देश में ही डिजाइन और विकसित किया गया है। इसे आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की दिशा में भारतीय नौसेना की पहल से जोड़ा जा रहा है।
NGMV को भारतीय नौसेना की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। आधुनिक हथियार और सेंसर से लैस ये पोत समुद्री सुरक्षा और निगरानी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में NGMV परियोजना से भारत की स्वदेशी युद्धपोत निर्माण क्षमता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही रक्षा उत्पादन में घरेलू तकनीक और उद्योग की भागीदारी भी मजबूत होगी।