knews desk – कौन बनेगा करोड़पति 18 में हॉट सीट पर पहुंचीं कपिला तनेजा ने अपनी जिंदगी के ऐसे पन्ने खोले, जिन्हें सुनकर स्टूडियो में मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। कपिला ने बताया कि उनकी लव मैरिज हुई थी, जिससे उनके ससुराल वाले खुश नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे और शादी के बाद उन्हें लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
कपिला ने बताया कि जब तक उनकी सास घर से दूर थीं, तब तक स्थिति ठीक थी। लेकिन उनके वापस आने के बाद कथित तौर पर ताने और उत्पीड़न बढ़ गया। उन्होंने बताया कि एक दिन उन्हें जलाने की कोशिश की गई। कपिला के मुताबिक, ससुराल वालों ने मिट्टी का तेल डालकर मोमबत्तियां जला दी थीं।
उन्होंने बताया कि वह समय सर्दियों का था, जिसकी वजह से उनकी साड़ी का पल्लू और स्वेटर शरीर से चिपक गए थे। किसी तरह उन्होंने कपड़े हटाए और पानी की टंकी में कूदकर खुद को बचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
https://www.instagram.com/reels/DdYYl-2ABIs/
कपिला की आपबीती सुनकर अमिताभ बच्चन भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके साथ हुए अन्याय को सिर्फ ‘अन्याय’ कहना भी कम होगा। अमिताभ बच्चन ने प्रार्थना की कि किसी भी महिला को कभी ऐसी परिस्थितियों और पीड़ा से न गुजरना पड़े।
कपिला ने यह भी बताया कि वह पिछले 24 साल से अपनी बेटी से नहीं मिल पाई हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को आखिरी बार अस्पताल में देखा था। उनके मुताबिक, इन 24 वर्षों में उन्होंने न तो बेटी को देखा और न ही उसकी आवाज सुनी। कपिला ने दावा किया कि उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया।
अपनी बेटी को याद करते हुए कपिला ने अमिताभ बच्चन से उसे आशीर्वाद देने की अपील की। इस पर अमिताभ बच्चन ने कहा कि वह उन्हें आशीर्वाद देने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन उम्मीद जताई कि कार्यक्रम के जरिए उनकी बेटी तक उनकी बात पहुंच सकती है।
अमिताभ बच्चन ने कपिला से अकेले नहीं रहने की अपील करते हुए कहा कि उनकी मां अभी जीवित हैं। उन्होंने मां और बच्चे के रिश्ते की अहमियत बताते हुए कपिला को अपनी मां से संपर्क करने की बात कही। शो में अमिताभ बच्चन की यह बात सुनकर माहौल बेहद भावुक हो गया।