सतना में हाईराइज बिल्डिंग में भीषण आग, 3 बच्चों का रेस्क्यू, 2 महिलाएं अब भी फंसी

KNEWS DESK- सतना के कामता टोला स्थित श्रीराम विला बिल्डिंग में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग और धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर कई लोग फंस गए। दमकल विभाग और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें 3 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Mp News 1280 720 2026 09 18t154908.066

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। तीसरी मंजिल पर बच्चे फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकालने की कोशिश की। रेस्क्यू के लिए लिफ्टर मशीन भी मौके पर बुलाई गई। दमकलकर्मियों ने आग और घने धुएं के बीच तीसरी मंजिल तक पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 3 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, जानकारी के मुताबिक बिल्डिंग में 2 महिलाएं अब भी फंसी हुई हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।

Mp News 1280 720 2026 09 18t154930.773

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन गौड़ा, सिटी एसडीएम राहुल सिलाड़िया और सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दमकल टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की।

प्रशासन ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *