”खूबसूरत दिखने से ज्यादा…” बॉडी शेमिंग के बीच कैटरीना कैफ ने बताया मां बनने के बाद कैसे बदली स्किन

Knews Desk – कैटरीना कैफ ने नवंबर 2025 में विक्की कौशल के साथ अपने बेटे विहान का स्वागत किया था। इसके बाद हाल ही में वह गणपति उत्सव के दौरान पति विक्की कौशल के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आईं। उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनके पोस्ट-प्रेग्नेंसी लुक और शरीर को लेकर टिप्पणियां कीं। इसके बाद अली जफर, सोनारिका भदौरिया और शिवालिका ओबेरॉय समेत कई सितारों ने उनका समर्थन किया।

इसी बीच कैटरीना ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में प्रेग्नेंसी के बाद अपनी स्किन में आए बदलावों के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि मां बनने के बाद उनकी स्किन पहले से ज्यादा संवेदनशील हो गई थी और उन्हें यह समझने में समय लगा कि उनके लिए कौन से प्रोडक्ट सही हैं। वह ऐसे प्रोडक्ट्स की तलाश में थीं, जो उनकी स्किन को शांत, आरामदायक और रिस्टोर करने में मदद करें।

कैटरीना ने यह भी बताया कि समय के साथ खूबसूरती को लेकर उनकी सोच काफी बदली है। उनके मुताबिक, मॉडलिंग और एक्टिंग करियर की शुरुआत में खूबसूरती को लेकर कई तरह के स्टीरियोटाइप मौजूद थे। अब उनके लिए सबसे अच्छा दिखने का मतलब सिर्फ बाहरी रूप नहीं है, बल्कि खुद को अंदर से अच्छा महसूस करना है।

एक्ट्रेस ने कहा कि हेल्दी डाइट, एक्टिव रहना, मेडिटेशन करना, सुबह कुछ समय फोन से दूर रहना और प्राकृतिक रोशनी लेना जैसी चीजों से उन्हें अच्छा महसूस होता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब इंसान अंदर से स्वस्थ महसूस करता है तो उसका आत्मविश्वास बाहर भी नजर आता है।

कैटरीना ने अपनी स्किन केयर को लेकर भी बताया कि अब वह किसी ट्रेंड को सिर्फ इसलिए फॉलो नहीं करतीं क्योंकि वह लोकप्रिय है। वह अपनी स्किन की जरूरत के हिसाब से प्रोडक्ट्स चुनना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अब त्वचा को शांत रखने, उसकी देखभाल करने और उसे प्रोटेक्ट करने पर है।

कैटरीना की पोस्ट-प्रेग्नेंसी बॉडी को लेकर हुई ट्रोलिंग के बीच उनके समर्थन में सामने आए सितारों ने भी महिलाओं के शरीर को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं। सोनारिका भदौरिया और शिवालिका ओबेरॉय ने खास तौर पर मां बनने के बाद शरीर में होने वाले स्वाभाविक बदलावों को लेकर लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *