देशवासियों के कल्याण के लिए सेवा संकल्प अभियान शुरू, इंदौर में सीएम मोहन यादव ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर इंदौर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

Knews Desk-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा संकल्प का विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने सृष्टि की रचना के साथ छोटे-छोटे काम करने वाले लोगों को स्वावलंबन की राह दिखाई।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मध्यप्रदेश में पहली बार आगमन हुआ। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को भारत की शक्ति और सामर्थ्य से परिचित कराया है।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स समिट का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका दिखाई दी। उन्होंने रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के भारत आगमन तथा प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी आत्मीयता को देश के बढ़ते प्रभाव का संकेत बताया।

सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए ग्रामीण आबादी को उनकी संपत्ति का अधिकार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक माह तक अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैतृक संपत्ति हर परिवार की भावनाओं और सपनों से जुड़ी होती है। राज्य सरकार छोटे कामगारों और श्रमिकों के साथ खड़ी है।

लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश लगातार समृद्ध हो रहा है।

सीएम यादव ने यह भी बताया कि रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वीजीएफ के माध्यम से हर माह 5 हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जानापाव सहित उन सभी स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है, जहां भगवान श्री परशुराम से जुड़ी आस्था है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *