बुआ की गोद में था 6 माह का मासूम, अचानक झपटा पिटबुल और दबोच लिया, CCTV में कैद खौफनाक हमला

Knews Desk – सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में पिटबुल कुत्ते के हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि छह महीने का मासूम बच्चा घर के बाहर गली में था। आसपास कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान सामने वाले घर से एक पिटबुल कुत्ता बाहर निकला और अचानक बच्चे पर झपट पड़ा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपनी बुआ के साथ गली में था। तभी कुत्ता तेजी से दौड़ता हुआ आया और मासूम को दबोच लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ तुरंत उसे बचाने के लिए आगे बढ़ीं। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कुत्ते से भिड़कर बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान कुत्ते ने बुआ पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन बच्चे को तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

वीडियो सामने आने के बाद कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पिटबुल जैसी ताकतवर नस्ल के कुत्ते को बिना पर्याप्त सुरक्षा के खुले में कैसे छोड़ा गया। लोगों का कहना है कि पालतू कुत्तों को लेकर जारी प्रशासनिक नियमों और सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन किया जाना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई आधिकारिक या लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *