KNEWS DESK- जापान में बढ़ते भालू हमलों से परेशान सरकार ने इनके नियंत्रण के लिए अलग मंत्रालय बनाने का फैसला किया है। कैबिनेट फेरबदल के दौरान हिरोयोशी सासागावा को भालू नियंत्रण मामलों का मंत्री नियुक्त किया गया है जापान में भालुओं के बढ़ते हमलों ने आम नागरिकों के साथ-साथ सरकार की चिंता भी बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही शिकायतों और हमलों को देखते हुए प्रधानमंत्री सना तकाइची की सरकार ने भालू नियंत्रण के लिए अलग मंत्रालय बनाने का निर्णय लिया है। इस मंत्रालय की जिम्मेदारी कैबिनेट रैंक के मंत्री को सौंपी जाएगी।
कैबिनेट फेरबदल के दौरान सत्ताधारी दल के सांसद हिरोयोशी सासागावा को भालू नियंत्रण मामलों का नया मंत्री नियुक्त किया गया है। उन्हें पर्यावरण मंत्रालय और आपातकालीन परमाणु विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। सरकार का कहना है कि नया विभाग भालुओं के हमलों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आगे की रणनीति तैयार करेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में इस साल अब तक 50 हजार से अधिक भालू देखे जा चुके हैं। इनके हमलों में करीब 250 लोग घायल हुए हैं, जबकि 13 लोगों की मौत हुई है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में भालू हमलों में तीन लोगों की जान गई थी। मौतों और हमलों में हुई बढ़ोतरी ने सरकार को तत्काल कदम उठाने के लिए मजबूर किया है।
जापान में भालुओं की बढ़ती संख्या के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। कृषि मंत्रालय के अनुसार, खेती छोड़ने वाले बुजुर्ग किसानों की संख्या बढ़ रही है। इससे खेत और ग्रामीण इलाके भालुओं के लिए सुरक्षित ठिकाने बनते जा रहे हैं। वर्ष 2005 में जापान में करीब 22.41 लाख लोग खेती करते थे, जो 2020 में घटकर लगभग 13 लाख रह गए।
इसके अलावा भालुओं को नियंत्रित करने वाले लाइसेंसधारी शिकारियों की संख्या में भी कमी आई है। वर्ष 1975 में इनकी संख्या पांच लाख से अधिक थी, जबकि 2020 में यह घटकर करीब 2.18 लाख रह गई। सरकार अब नए मंत्रालय के जरिए भालू हमलों पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करेगी।