KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने अंगदान को बढ़ावा देने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन यानी SOTO की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आधिकारिक मंच का उद्घाटन करते हुए स्वयं सबसे पहले अंगदान की घोषणा की।
दिल्ली में अंगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजधानी में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन यानी SOTO का गठन किया गया है। इसका उद्देश्य अंगदान की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना, लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपण के लिए अंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने SOTO का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अंगदान की घोषणा कर लोगों से भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने अंगदान से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से उन्हें अंगदान का प्रमाण पत्र जारी किया गया।
प्रमाण पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मृत्यु के बाद अपने हृदय, आंत, पैंक्रियाज, लिवर, किडनी, फेफड़े और बोन सहित अन्य महत्वपूर्ण अंग दान करने की घोषणा की है। इस संकल्प का उद्देश्य मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में योगदान देना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि SOTO को केंद्र सरकार की अंगदान और अंग प्रत्यारोपण व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका शुभारंभ सेवा संकल्प अभियान के दौरान किया गया है। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अंगदान के महत्व को समझें और आगे आकर अंगदान का संकल्प लें। सरकार का मानना है कि जागरूकता और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।